बिजनौर/अफजलगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो मई को जिले में आएंगे। वे अफजलगढ़ क्षेत्र में कई परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। सोमवार को डीएम जसजीत कौर ने अपने कार्यालय में अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसपी अभिषेक झा ने अफजलगढ़ क्षेत्र पहुंचकर गांव आलमपुर गांवड़ी और सेंट मेरी स्कूल के अलावा विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।
अपने कार्यालय में डीएम ने सीडीओ को निर्देशित किया कि शिलान्यास एवं लोकार्पण होने वाली परियोजनाओं की सूची बना लें और उसके लिए नोडल अधिकारियों को नामित करें। महत्वपूर्ण विभिन्न कार्यों के लिए भी नोडल अधिकारियों को नामित किया जाए। उपनिदेशक कृषि को कार्यक्रम स्थल पर ऑर्गेनिक उत्पाद, फूल एवं सब्जियों के स्टाल की व्यवस्था करने और योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर लाने के निर्देश दिए। दोपहर बाद डीएम और एसपी गांव आलमपुर गांवड़ी तथा सेंटमेरी अफजलगढ़ पहुंचे। हेलीपैड के लिए जगह चिह्नित की गई। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ रणविजय सिंह, एसडीएम स्मृति मिश्रा, लोक निर्माण अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सास्वत आदि अधिकारी मौजूद रहे।