गांव मिर्जापुर का मामला, पुत्रवधु ने भाग कर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावर (बिजनौर)। गांव मिर्ज़ापुर में सांड़ ने खेत में चारा काट कर रहे किसान पर हमला कर मार डाला। किसान की पुत्रवधु ने भागकर जान बचाई। इसी सांड ने एक अन्य किसान पर भी हमला कर घायल कर दिया। उधर, पुलिस की सूचना पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने सांड़ को पकड़ लिया है।
गांव मिर्ज़ापुर निवासी मांगेराम (70) मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे अपनी पुत्रवधु के संग खेत में चारा काटने गए थे। दोनों खेत में चारा काट रहे थे, इसी बीच सांड़ उनकी ओर दौड़ पड़ा। किसान की पुत्रवधु शोर मचाते हुए खेत से भागी। पास में ही खड़े पड़ोसी युवक ने भी दौड़ लगा दी। मांगेराम से दौड़ा नहीं गया, जिन पर सांड़ ने हमला कर दिया। पेट में सींग मारकर गहरा घाव कर दिया। किसान मांगेराम की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर परिजनों और गांव वालों भीड़ जमा हो गई। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार तथा प्रभारी हरीश कुमार ने मुआयना किया। मंगलवार की सुबह सात बजे इसी सांड़ ने पड़ोस के गांव जहांगीरपुर में भी एक ग्रामीण अतर सिंह पर हमला करते हुए घायल कर दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस की सूचना पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने सांड़ को पकड़ लिया है।