जलालाबाद-बौरेकी मार्ग पर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों को समझाती पुलिस। संवाद
जलालाबाद। गांव बौरेकी में नाबालिग की मौत के मामले में ग्रामीणों ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद आए शव को जलालाबाद-बौरेकी मार्ग पर रखकर प्रदर्शन कर जाम लगाया। ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। सीओ के समझाने पर ग्रामीण माने और जाम खोला। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी हुई।
गांव बौरेकी निवासी दिलशाद का 15 वर्षीय पुत्र फैसल रविवार की रात घर से बाहर गया था। करीब साढ़े आठ बजे वह घर के निकट मृत मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा था। परिजनों का आरोप था कि गांव के ही एक किशोर से फैसल का झगड़ा हुआ था।
परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने पर सोमवार दोपहर बाद शव आने पर जलालाबाद-बौरकी मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे सीओ नितेश प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को शांत किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, परिजनों ने पुलिस को मामले में तहरीर सौंपी हैं। लगभग दो घंटों के जाम में मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।