धामपुर। टीचर्स कॉलोनी में सेवानिवृत बैंक अधिकारी के मकान में किराये पर रह रही नेहा शर्मा (26) पुत्री स्वर्गीय विजय वीर का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका नूरपुर के हजरतनगर की निवासी थी और करीब दो वर्षों से इस मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में रहकर ठाकुरद्वारा से एएनएम का कोर्स कर रही थी।
मकान स्वामी कृष्ण कुमार ने बताया कि नेहा शर्मा धामपुर के निजी अस्पताल में नौकरी भी करती थी। बृहस्पतिवार की शाम लगभग छह बजे वह बाहर से आई और अपने कमरे में चली गई। सुबह जब वह साफ-सफाई के लिए तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो नेहा के कमरे का दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा।
नेहा का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। सूचना पर मृतका के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
मृतका नेहा शर्मा का फाइलफोटो