कोतवाली देहात। गांव जलालपुर सुल्तान में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। परिजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।
ग्राम जलालपुर सुल्तान निवासी गजेंद्र सिंह (42) पुत्र ओमप्रकाश का शव शुक्रवार की रात पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर परिजनों के साथ ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा। मृतक के भाई धीरज ने पुलिस को बताया कि गजेंद्र शुक्रवार सुबह शादीपुर नहटौर मार्ग पर गांव पेहरुवाला के पास स्थित फैक्टरी में काम पर गया था।
रात में लगभग नौ बजे जलालपुर से महेश्वरी जट जाने वाले रास्ते पर कुछ युवकों को शव लटका दिखाई दिया। सीओ नगीना अंजनी कुमार का कहना है कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटी तथा एक पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गया है।