बढ़ापुर। थाना क्षेत्र खादर के ग्राम मदपुरी में अल्फ़ेंसा चर्च के पीछे खेत में नैनीताल के थाना रामनगर निवासी वन गुर्जर सद्दाम (32) का शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है।
उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के थाना रामनगर निवासी मासूम अली ने पुलिस को सूचना दी कि उसका भाई सद्दाम ग्राम मदपुरी में अपनी रिश्तेदारी में दूध लेने आता जाता रहता था। मंगलवार को ग्राम मदपुरी में अल्फ़ेंसा चर्च के पीछे खेत में सद्दाम का शव पड़ा मिला। उसकी मौत बिजली के करंट की चपेट में आकर हो गई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के हाथ व छाती पर करंट लगने के निशान थे। पास के खेत में करंट की तारबाड़ भी है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सद्दाम दूध खरीद व बेचने का कार्य करता था उसके चार पुत्रियां हैं। सीओ राजेश कुमार सोलंकी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना ही है। बाकी पीएम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।