नहटौर (बिजनौर)। फुलसंदा में आश्रम के पीछे 19 जुलाई को खेत में मिले शव की पहचान हरीश कुमार पुत्र हरनंद सिंह निवासी गांव विशाल नगर भूड़ थाना कोतवाली देहात जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।
मृतक के परिजन उसे तलाशते हुए बृहस्पतिवार शाम फुलसंदा आश्रम पहुंचे थे। जहां उन्हें मृतक का फोटो दिखाया गया तो उन्होंने उसकी पहचान की। मृतक हरीश की पत्नी शिवानी ने पुलिस को बताया कि वह, पति हरीश कुमार, भतीजा हर्षवर्धन व गांव का ही हरेंद्र पुत्र जगदीश 15 जुलाई को कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। 17 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल घर के लिए चल दिए। 19 जुलाई को फुलसंदा आश्रम में उन्होंने आराम किया।
इसी दौरान उसके पति नींद से उठकर चले गए। उन्होंने सोचा कि वे घर चले गए। इसके बाद वे तीनों कांवड़ लेकर चल दिए तथा गांव में पहुंचकर मंदिर में जल चढ़ाया। घर पहुंचकर जब हरीश का पता नहीं लगा तो वह परिजनों को साथ लेकर फुलसंदा आश्रम पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत आया है।