मंडावली क्षेत्र में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा के बाहर नारेबाजी करते खाताधारक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के मंडावली मेंपांच दिन से धनराशि नहीं मिलने से गुस्साए खाताधारकों ने बुधवार को मंडावली स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक नहीं खुलने दिया।
बैंक पर प्रदर्शन के दौरान मची आपाधापी के बीच एक महिला गिरकर बेहोश हो गई। इससे खफा ग्राहकों ने बैंक प्रबंधकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्राहकों ने कहा कि कैश नहीं मिलने से घर चलाना और बच्चों को पढ़ाना मुश्किलों से भरा हो गया है। बैंक में कैैश पहुंचने पर करीब चार घंटे बाद पुलिस की मदद से बैंक खोला जा सका। मंडावली स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पर बुुधवार सुबह नौ बजे से ही खाताधारक पहुंचना शुरू हो गए थे। 10 बजे पहुंचे बैंक कर्मचारियों को खाताधारकों ने बैंक नहीं खोलने दिया। ग्राहकों ने बैंक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। खाताधारकों का दो टूक कहना था कि जब बैंक से धनराशि नहीं मिल रही, तो बैंक को खोलने का भी कोई लाभ नहीं है। तसलीम, अब्दुल कलाम, फुरकान, चेतराम, संजीव, भूपेंद्र, सोमी, कविता, कौसर आदि खाताधारकों ने कहा कि वे बैंक के कई-कई चक्कर काट चुके हैं। बैंक द्वारा कैश नहीं होने की बात कहकर उन्हें टरका दिया जाता है। इस बीच प्रदर्शन के दौरान सिकरौडा निवासी वृद्धा मुन्नी देवी बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। उधर, बीमार बच्चे को गोद में लेकर पहुंची मोबीना को कैशियर ने 500 रुपये दवाई के लिए दिए। मंडावली थाने के एसआई अमरपाल सिंह ने दोपहर दो बजे बैंक पहुंचकर जल्द कैैश आन की बात कहकर बैंक के ताले खुलवाए। दोपहर करीब तीन बजे शाखा प्रबंधक शाहिद मुल्तानी कैश के साथ पहुंचे तो खाताधारकों ने राहत की सांस ली। बैंक प्रबंधक ने परिचितों को कैश देने के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि कैश के अभाव में बैंक स्टाफ भी परेशान रहता है। उन्होंने खाताधारकों से संयम रखते हुए सहयोग की अपील की।