नजीबाबाद/मंडावली में हर-हर बमबम के जयघोष से क्षेत्र का वातावरण गूंज रहा है। भगवा वेश और श्रावणी कांवड़ियों की कदमताल हर किसी को भावविभोर कर रही है। प्राचीन मोटा महादेव मंदिर पर परंपरागत जलाभिषेक कर कांवड़िए गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
हरिद्वार मार्ग पर स्थित प्राचीन मोटा महादेव मंदिर का वातावरण शिवमय हो गया है। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर मंदिर पर कुछ देर पड़ाव करने वाले कांवड़िए ओम नम: शिवाय का जाप करते हुए परंपरागत जलाभिषेक कर रहे हैं। उधर, मंदिर परिसर में कांवड़ियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का रविवार को एसडीएम उद्भव त्रिपाठी एवं सीओ महेश कुमार ने निरीक्षण किया।
एसडीएम ने मंदिर परिसर में लगे मेडिकल कैंप और उस पर उपलब्ध दवाइयों के संबंध में जानकारी की। अधिकारियों मंदिर व आसपास पुलिस सुरक्षा, पथप्रकाश, सफाई आदि की भी व्यवस्था देखी। हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर आने वाले कांवड़ियों के लिए भागूवाला में पुलिस और मुस्लिमों की ओर से शिविर लगाकर फलाहार बांटा गया। मंडावली क्षेत्र में मोटा महादेव मंदिर और नजीबाबाद में कई जगह शिवभक्तों द्वारा श्रावणी कांवड़ियों की सेवा की जा रही है। कांवड़िये सकुशल घरों पर पहुंचकर शिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें।
उधर, नगीना में कांवड़ियों का नगीना होकर अपने-अपने स्थानों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ नगीना का वातावरण शिवमय हो गया है। कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
कांवड़ियों के साथ महिला शिव भक्त भी काफी दिखाई पड़ रहे हैं। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। नगीना के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण को भी हटवा दिया गया हैै। प्रत्येक चौराहे पर पुलिस पिकेट तैनात है। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के लिए दो दर्जन महिला पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। थाना प्रभारी नगरवासियों व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की हैं कि शिव भक्तों की किसी परेशानी को वह तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उधर, धामपुर/अफजलगढ़ में श्रवण मास में भोले के भक्तों के जयकारों से क्षेत्र का का माहौल भक्तिमय हो गया है। रोज सैकड़ों शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर भोले के जयकारे लगाते चल रहे हैं। इस बार भोले के भक्तों में पिछले साल के मुकाबले इजाफा हुआ है।