- राजनीतिक लोगों का कहना है कि इस गठबंधन से दलित-मुस्लिम वोटों पर नजर
- विस चुनाव 2027 से पहले गठजोड़ की संभावनाओं की सुगबुगाहट तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जिले में सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दल अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (आसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के बीच गठबंधन की चर्चाओं ने नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर बहस छेड़ दी है। यदि दोनों दल साथ आते हैं तो बिजनौर जिले की कई सीटों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन कर चुके हैं। नगीना लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीट धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, नहटौर और नूरपुर में भी आसपा को बढ़त मिली थी। यही वजह है कि आगामी विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर पार्टी की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज है। लोकसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार, नजीबाबाद में आसपा को 102541, नगीना में 112518, धामपुर में 90518, नहटौर में 103544 और नूरपुर में 102691 वोट मिले थे। वहीं, एआईएमआईएम के साथ संभावित गठबंधन को दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक तालमेल के तौर पर देखा जा रहा है।
-कई सीटों पर होगा मुकाबला दिलचस्प
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों दलों के साथ आने से कुछ सीटों पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। हालांकि, गठबंधन का वास्तविक असर सीटों के बंटवारे, प्रत्याशियों के चयन और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करेगा। फिलहाल अन्य दलों के साथ गठबंधन के विकल्प भी खुले हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले बदलते सियासी समीकरणों पर सभी की नजरें टिकी हैं।
नजीबाबाद-गठबंधन में नजीबाबाद सीट पर ओवैसी की होगी नजर
- मुस्लिम बाहुल्य सीटों में आती है नजीबाबाद विधानसभा सीट
नजीबाबाद। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम गठबंधन से बना तीसरा मोर्चा विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण में बदलाव लाएगा। विधान सभा क्षेत्र का टिकट घोषित होने तक आजाद समाज पार्टी से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों में भी बेचैनी रहेगी।
नजीबाबाद विधानसभा सीट मुस्लिम बाहुल्य सीट है। ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच गठबंधन से बना तीसरा मोर्चा राजनीतिक दलों के समीकरणों को गड़बड़ा सकता है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर से गठबंधन विधान सभा चुनाव के नए समीकरण के साथ तैयारी में जुटे क्षेत्रीय नेताओं के लिए चिंता लेकर आया है।
आजाद समाज पार्टी से राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर नगीना लोकसभा सीट से सांसद हैं। नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र से उन्हें 1,01,541 मत मिले थे। भारतीय जनता पार्टी के ओम कुमार को 68,943 और समाजवादी पार्टी के मनोज कुमार को नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र से 39,318 मत मिले थे।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक हाजी तसलीम अहमद को 1,02,775 मत, भाजपा के भारतेंद्र सिंह को 78,905 और बीएसपी के शाहनवाज खलील को 44,727 मत मिले थे।
नजीबाबाद विधान सभा सीट मुस्लिम बाहुल्य सीट है विधानसभा में वर्तमान में लगभग 3,24,000 मतदाताओं में करीब 1,72,000 से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं।
आजाद समाज पार्टी से दो जनप्रतिनिधियों नगर पालिका नजीबाबाद चेयरमैन इंजीनियर मौअज्जम और साहनपुर चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी सहित कई लोग टिकट मांग रहे हैं।
उधर गांव करमसखेड़ी के पूर्व प्रधान एआईएमआईएम के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष आफताब अंसारी नौ सितंबर 2025 को नजीबाबाद में ओवैसी की बड़ी रैली करा चुके हैं। आफताब अंसारी एआईएमआईएम से टिकट की दावेदारी में काफी समय से प्रयासरत हैं। ओवैसी की निगाह भी मुस्लिम बाहुल्य नजीबाबाद विधानसभा सीट पर टिक सकती है। ऐसे में आजाद समाज पार्टी से टिकट लेने की काफी समय से तैयारी कर रहे नेताओं के लिए गठबंधन टिकट घोषित होने तक चिंता का सबक बनना स्वाभाविक है।
उधर राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ओवैसी-चंद्रशेखर के बीच गठबंधन से मुस्लिम वोटों में बंटवारा हो सकता है लेकिन अधिक प्रभाव पड़ेगा इसकी उम्मीद कम है।
एआईएमआईएम से गठबंधन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह : सत्येंद्र कुमार
दलित-मुस्लिम एकजुटता के सहारे सभी सीटों पर जीत का दावा
नगीना। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने कहा कि एआईएमआईएम से गठबंधन होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि दलित-मुस्लिम एकजुटता के सहारे हमारा गठबंधन जनपद की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की लंबे समय से मांग थी कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के साथ गठबंधन किया जाए। अब दोनों वर्गों को एक मंच पर आने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस गठबंधन के माध्यम से प्रदेश में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री बनेंगे।