बिजनौर के नगीना में्एसडीएम ने मुनादी कराई है कि दस रुपयेे का सिक्का बंद नहीं हुआ। इस सिक्के को न लेने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया से चर्चाओं में आई दस रुपये के सिक्के चलन से बाहर होने की अफवाहों को लेकर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानदारों व लोगों ने कई दिन से दस रुपये के सिक्के का लेनदेन बंद कर रखा है।
इस मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री गौरव कुमार गोयल, नगराध्यक्ष कय्यूम राईन, सुभाष शर्मा, लईक अली जैदी, सचिन शर्मा ने एसडीएम शिशिर कुमार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि दुकानदारों के साथ ही पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, थोक विक्रेता और कई बैंक शाखा वाले भी दस रुपये का सिक्का लेने से मना कर रहे हैं।
व्यापारी नेताओं से वार्ता के बाद एसडीएम शिशिर कुमार ने इसे गंभीरता से लेकर लाउडस्पीकर व मुनादी के माध्यम से नगर में एलान कराया कि दस रुपये के सिक्के का चलन बंद नहीं हुआ है। यदि कोई लेनदेन में आनाकानी करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।