नौकरी लगवाने के नाम पर दस लाख रुपये ठगे
अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव दल्लीवाला निवासी एक व्यक्ति से नौकरी लगवाने के बहाने संभल थाना क्षेत्र के तीन लोगों ने दस लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों सिम्मी चौधरी, अंकित कुमार तथा निरंकार निवासी धकतौड़ा मणिपुर संभल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी सुशील कुमार पुत्र कल्लू सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका एक रिश्तेदार गोंडा में सरकारी नौकरी करता है। उसके ऑफिस में अंकित नाम के एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। अंकित ने उसकी सरकारी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। तीन वर्ष पूर्व सिम्मी चौधरी उसके गांव दल्लीवाला आए और अपने दोस्त की मदद से बैंक या किसी सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के बदले 10 लाख रुपये मांगे। उसने जमीन बेचकर चार लाख रुपये दे दिए। कुछ समय बाद इन लोगों ने एक ज्वाइनिंग लेटर सिंडिकेट बैंक रेहरा जेपीनगर का उसे दिया और शेष पैसे मांगे। तब उसने इन्हें छह लाख रुपये सहित कुल दस लाख रुपये दे दिए। जब वह ज्वाइनिंग लेटर लेकर संबंधित बैंक गया तो उसे पता चला कि ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है।
पीड़ित ने इन लोगों से पैसा वापस मांगे तो उसे चार लाख का चेक दिया जो बाउंस हो गया। किसी तरह जोर देने पर इन लोगों ने एक लाख रुपये वापस किए। इसके बाद उसे धमकी देने लगे। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सिम्मी चौधरी, अंकित कुमार तथा निरंकार निवासी धकतौड़ा मणिपुर संभल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।