नजीबाबाद में सम्राट सिनेमा के निकट मोहल्ला वाहिदनगर में कमल ट्रेडर्स प्रतिष्ठान के गोदाम में रखे पटाखों में रविवार की सुबह अचानक करीब 11.30 बजे आग लग गई। आग की ऊंची उठती लपटों और पटाखों के धमाकों से आसपास दहशत फैल गई। आग में घिरे गोदाम स्वामी के परिवार की दो महिलाओं को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
वाहिदनगर में स्थित इस प्रतिष्ठान के स्वामी नरेंद्र सेठी का परिवार गोदाम से लगे मकान में रहता है। अग्निकांड के दौरान नरेंद्र सेठी हरिद्वार गए हुए थे। उनका बेटा कमल भी घर पर नहीं था। कमल के दादा किशनलाल सेठी प्रतिष्ठान पर बैठे थे। परिवार में कमल की पत्नी प्रिया और बहन नैना घर पर अकेले थे। इसी दौरान सुबह 11.30 अचानक गोदाम के तहखाने में रखे पटाखों में आग लग गई। पटाखों के फटने से पूरा क्षेत्र दहल उठा। आग के बीच कमल की पत्नी एवं बहन घिर गईं।
कमल के चाचा रमेश सेठी ने पड़ोसियों शानू, संदीप बहल, राकेश जुनेजा, अनुराग खट्टर, प्रेम वाधवा, अमित खट्टर और शिवम की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों ने कमल के परिजनों को छत के रास्ते मशक्कत कर सीढ़ी से पड़ोस में स्थित शिवम पब्लिक स्कूल की छत से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर एसडीएम सहदेव मिश्र, सीओ संजय राय, थाना प्रभारी अजित सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ व एसडीएम ने तत्काल नजीबाबाद, नगीना और बिजनौर अग्निशमन दल को घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी एसके राय, अनिल कुमार के निर्देशन में फैलती आग पर काबू पाया गया। घटनास्थल से प्रशासन ने छोटा हाथी भरकर पटाखे बरामद किए। सीओ के निर्देश पर एसआई अमन सिंह की ओर से गोदाम स्वामी के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
संयोग से बचे बच्चे
आबादी के बाद पटाखों के गोदाम में आग लगने से आसपास अफरातफरी का आलम हो गया। शिवम पब्लिक स्कूल गोदाम के बगल में स्थित है। संयोग से रविवार को अवकाश के कारण स्कूल नहीं खुला था। अन्यथा बड़ी घटना घट सकती थी।
नहीं फटे सभी पटाखे
पटाखों के फटने से वाहिदनगर क्षेत्र दहल उठा। दूर-दूर तक फैले धुएं और दुर्गंध से क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की सतर्कता और घटनास्थल पर पहुंचने से गोदाम के पूूरे पटाखे अग्निकांड में नहीं फटे। बिल्डिंग व आसपास तथा प्रतिष्ठान स्वामी के मकान को भारी क्षति पहुंचती।
प्रतिष्ठान सील
प्रशासन ने कमल ट्रेडर्स प्रतिष्ठान की बिजली कटवाकर प्रतिष्ठान को सील कर दिया। पड़ोस की दो दुकानों में पटाखा होने की आशंका में छानबीन कराई गई। एक प्रतिष्ठान पर पटाखे नहीं मिले, जबकि दूसरे प्रतिष्ठान पर ताले लटका था। पुलिस ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया है।
दुआओं का हुआ असर
किशनलाल सेठी परिवार पिछले लगभग एक दशक से भगवान शिव का भंडारा करते आ रहे हंै। भंडारे में रोजाना जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन खिलाया जाता है। रविवार की सुबह भी सेठी परिवार की ओर से भंडारा किया गया था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समाजसेवी भावना के चलते सेठी के परिजन भीषण आग में घिरने के बावजूद बच गए।
सूचनाएं एकत्र कर रहा प्रशासन
नजीबाबाद। एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में नगर की आबादी के बीच पटाखा गोदामों के बारे में सूचनाएं एकत्र की जा रही है। एसडीएम ने कहा कि आबादी के बीच पटाखों का कोई भी गोदाम पकड़ा जाता है या फिर बिक्री मिलती है, तो संबंधित गोदाम व प्रतिष्ठान स्वामी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।