बनेंगी अस्थायी जेल, शरारती तत्व रहेंगे नजरबंद
बिजनौर। अयोध्या मामले पर आने वाले फैसले के मद्देनजर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक अस्थायी जेल बनाई जा रही है। धर्म स्थलों पर पुलिस मित्र तैनात रहेंगे। जिले में 250 संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक एक इंटीरेटेड कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। सभी पुलिसकर्मियों के नाइट हाउस पास कैंसल कर दिए गए हैं। ऐसे लोग चिह्नित कर लिए गए हैं, जिन्हें उनके घर में ही हाउस अरेस्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिले की इंटरनेट सेवा बंद कर दी जाएगी। एसपी ने बताया कि जिले के 250 संवेदनशील स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरे लगाने की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
इमरजेंसी क्यूआरटी का गठन किया गया है। यह क्यूआरटी जरूरत पड़ने पर तुरंत जहां बुलाया जाएगा, वहां पहुंचेगा। बाहर से भी बड़ी तादाद में फोर्स बुलाया जा रहा है। पीएसी, अर्द्धसैनिक बल को बड़ी तादाद में जिले में बुलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिस तैनात रहेगी। हर गतिविधियों पर नजर रखेगी। अराजक तत्वों को चिह्नित करने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।