पुराना गेट नगर पालिका ने किया बंद
बिजनौर। टाउन हॉल में बने छोटे गेट को बंद कर दिया गया है। गेट बंद होने से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने गेट को खुलवाने की मांग की है।
टाउन हॉल परिसर में प्रेस गैलरी के पास एक गेट लगा था। गेट सिविल लाइन व रोडवेज की सड़क पर जाने वाले लोगों के लिए शॉर्टकट था। जीजीआईसी, जीआईसी, आर्य समाज स्कूल आदि के विद्यार्थी इस गेट से होकर स्कूल आते जाते थे। सोमवार सुबह जब विद्यार्थी गेट के पास पहुंचे तो वहां पर दीवार का निर्माण कराकर गेट बंद करा दिया गया था। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि यह गेट 80 साल से भी ज्यादा पुराना है। जाम लगने पर लोग यहीं से निकलकर जाते। ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी का कहना है कि उक्त गेट से शराबी पार्क में आकर हंगामा करते थे। शिकायत पर गेट बंद किया गया है। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि गेट बंद होने की जानकारी उन्हें नहीं है। गेट को फिर से खुलवाया जाएगा।