रसूलपुर इम्मा में 30 बीघा में बनेगी अस्थायी गोशाला
धामपुर। डीएम के आदेश पर क्षेत्र के गांव रसूलपुर इम्मा में 30 बीघा चारागाह की खाली जमीन में लावारिस गोवंशीय पशुओं के रखरखाव के लिए अस्थायी गोशाला का निर्माण होगा। राजस्व रिकार्ड के अनुसार यहां पर करीब 30 बीघा जमीन चारागाह की खाली पड़ी है। गोशाला का संचालन धामपुर पालिका की ओर से होगा।
धामपुर क्षेत्र के लेखपाल दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि गांव रसूलपुर इम्मा में चरागाह की करीब 30 बीघा से अधिक जमीन आरक्षित है। इस जमीन पर अस्थाई गोशाला बनाने की योजना है। इस बाबत एसडीएम को रिपोर्ट दे दी है। इस जमीन के अलावा दो अन्य स्थानों पर भी जमीन को चिह्नित किया गया है। लेकिन यह जमीन अपेक्षाकृत कम है। नंगला गूंगा में करीब डेढ़ बीघा जमीन खाली है। करीब तीन बीघा से अधिक जमीन सुहागपुर में खाली है। जो गोशाला के लिए कम हैं। गांव रसूलपुर इम्मा में अस्थाई गोशाला का निर्माण हो गया तो इसका लाभ मिलेगा।
जब पालिका ने प्रस्ताव दिया तो प्रशासन ने नहीं दी थी अहमियत : पालिकाध्यक्ष
धामपुर पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि इस जमीन पर कई साल पहले गोशाला के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इसे गंभीरता से नहीं लिया गया था। प्रशासन पहले ही उनके प्रस्ताव को अहमियत दे देता तो यहां पर कभी का गौशाला का निर्माण हो गया होता।