बिजनौर में कबड्डी वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा व प्रो कबड्डी लीग में सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले राहुल चौधरी को उनकी टीम तेलुगु टाइटंस ने रिजर्व कर लिया है। राहुल अपनी टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी होंगे। राहुल के प्रो कबड्डी लीग में अब तक सर्वाधिक 500 अंक हैं।
2013 में शुरू हुए प्रो कबड्डी लीग में जिले के गांव जलालपुर छोईया के राहुल चौधरी को तेलुगु टाइटंस टीम ने आठ लाख रुपये में खरीदा था। टूर्नामेंट में राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रैड और कैच से अंक हासिल कर सभी को अपना प्रशंसक बना दिया।
राहुल को पहले ही सीजन में मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। प्रो कबड्डी के बाकी सीजन में राहुल को टीम का कप्तान बना दिया गया। इस बीच राहुल को वर्ल्ड कप टीम में भी शामिल किया गया और टीम ने वर्ल्ड कप जीता। राहुल ने थाईलैंड में हुए बीच कबड्डी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी भी की। इस साल प्रो कबड्डी लीग में खिलाड़ियों की बोली लगने से पहले ही तेलुगु टाइटंस के मालिकों ने राहुल को रिजर्व कर लिया है।
अब राहुल पर बोली नहीं लगेगी। भाई रोहित चौधरी के अनुसार तेलुगु टाइटंस टीम जिस खिलाड़ी को सबसे ज्यादा बोली लगाकर खरीदेगी, उस राशि से 25 प्रतिशत अधिक भुगतान राहुल को दिया जाएगा। इस उपलब्धि से उसकी कोच अंशु चौधरी, परिजन व साथी खिलाड़ी बहुत खुश हैं।