चंदक में गंगा स्नान के मौके पर दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। एक किशोर गंगा में नहाते हुए डूब गया। पुलिस व गोताखोर किशोर को गंगा में ढूंढ रहे हैं। वहीं, दोस्तों के साथ गंगा स्नान से लौट रहा युवक ट्रेन की चपेट में आकर कट गया। दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
नजीबाबाद की रेलवे कॉलोनी निवासी रूपचंद का 13 वर्षीय पुत्र राहुल अपने मामा महेंद्र व अन्य परिजनों के साथ गंगा स्नान पर बालावाली घाट पर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहुल गंगा की बीच वाली धारा में अन्य श्रद्धालुओं के साथ करीब एक बजे नहा रहा था। अचानक वह तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया। राहुल को डूबते देखकर तट पर शोर मच गया। गोताखोर व पुलिसकर्मी ने गंगा में राहुल की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। अबतक राहुल नहीं मिला था। कुछ लोगों ने बताया कि नहाते समय चार किशोर डूबे थे। गोताखोरों ने तीन किशोरों को बचा लिया था।वहीं, गांव गौंसपुर निवासी राजपाल सिंह का 20 वर्षीय पुत्र बादल वालाबाली घाट पर आया था। दोपहर करीब दो बजे दोनों रेलवे ट्रैक से अप व डाउन लाइन से ट्रेन आ गईं।
बादल के साथी तो ट्रैक से हट गए, लेकिन वह ट्रैक से नहीं हट पाया। उसकी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। नजीबाबाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया है।