ट्रॉली से गन्ना उतार रहे किशोर की करंट से मौत
अफजलगढ़। गांव रसूलपुर आबाद में खेत में ट्रॉली से गन्ना उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। परिजन पुलिस में कोई कार्रवाई किए बिना शव घर ले गए।
गांव निवासी चंद्रभान सिंह ने बताया कि उसका पुत्र प्रशांत (14) पड़ोसी महेंद्र सिंह के साथ गन्ना बुवाई के लिए खेत पर गया था। वह वहां ट्रॉली पर चढ़कर गन्ना उतरवाने लगा अचानक वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसमें परिजन किशोर को आननफानन में उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक सर्वेश निराला ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बीएसए इंटर कॉलेज कादराबाद में कक्षा नौ का छात्र था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिजन कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करना चाहते थे। शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण सुरेश कुमार, रवींद्र सिंह, नरायन सिंह, रामपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, विजयपाल सिंह आदि का कहना है कि खेतों में हाईटेंशन विद्युतलाइन के तार काफी नीचे होकर लटके हुए हैं। उनका कहना है कि विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार तारों को ऊंचा कराने की मांग की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों से शीघ्र तारों को ऊंचा कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई ऐसा घटना न हो सके।