बिजनौर, बढ़ापुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी ने बीती देर रात अज्ञात कारण से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। किशोरी की हालत बिगड़ने पर किशोरी के परिजन उसे उपचार के लिए बढ़ापुर लेकर आए और बाद में सीएचसी नगीना लेकर गए। किशोरी की मौत होने की सूचना पर पुलिस सीएचसी नगीना पहुंची और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में चर्चा है कि किशोरी का उसके गांव के ही दूसरी बिरादरी के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
उधर, मृतका किशोरी के परिजन मौखिक तौर पर गांव के एक युवक व उसके परिजनों पर किशोरी को जहर देकर मारने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि मृतका के परिजनों ने कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लेने से हुई किशोरी की मौत की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। सीओ नगीना राकेश वशिष्ठ ने भी गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली।