बिजनौर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर जिले के शिक्षक बृहस्पतिवार को टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में पैदल मार्च कर प्रदर्शन करेंगे। आंदोलित शिक्षकों ने बुधवार को तीसरे दिन भी हाथ की बाह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद शर्मा के आह्वान पर बृहस्पतिवार को टेट की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक बीएसए कार्यालय पर एकत्र होंगे। यहां से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन करेंगे। इसी मुद्दे को लेकर शिक्षक, शिक्षिकाएं पिछले तीन दिन से हाथ की बाह पर काली पट्टी बांधकर टेट की अनिवार्यता का विरोध कर रहे हैं। विरोध करने वालों में शिक्षिका संजुला चौधरी, मीनू सिंह, अनीता रानी, तरनजीत कौर मलिक, अलका यादव, मंजुला, सरिता सिंह, आरती रानी आदि शामिल रहे। वहीं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार चौहान, जिला मंत्री प्रशांत सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, जिला संगठन मंत्री विपिन कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष असीम चौहान ने शिक्षकों से 26 फरवरी को दोपहर एक बजे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर पहुंचने का आह्वान किया है। जिला मंत्री प्रशांत सिंह ने बताया कि टीईटी की अनिवार्यता समाप्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जिले में किसी भी सूरत में शिक्षकों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।