नगीना। रुद्रपुर (उत्तराखंड) में तीन दिन पूर्व विवाहिता के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना में वांछित आरोपी अभय सक्सेना को जीआरपी ने लिंक एक्सप्रेस में पकड़ लिया। पकड़े जाने से पहले चलती ट्रेन में जीआरपी को देखकर आरोपी ने चूहे मार दवाई निगल ली। नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद उसे सीएचसी में इलाज कराने के बाद रुद्रपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
जीआरपी प्रभारी कमल कुमार ने बताया कि तीन दिन पूर्व रुद्रपुर में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में रुद्रपुर के वार्ड नंबर 14, भदेहीपुरा निवासी निवासी अभय सक्सेना (23) वांछित चल रहा था। मंगलवार की शाम जीआरपी को सूचना मिली थी कि आरोपी देहरादून से प्रयागराज जाने वाली लिंक एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार है। उनके मुताबिक वह पुलिसकर्मियों के साथ नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हो गए। ट्रेन की जनरल बोगी में सवार आरोपी अभय सक्सेना पुलिस को देखकर ट्रेन के टॉयलेट में चला गया तथा बाहर आकर चूहे मार दवाई निगलने लेने की बात बताई। उन्होंने बताया कि नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के बाद वह उसे लेकर नगीना के सरकारी अस्पताल पहुंचे तथा उसका उपचार कराया। उनके मुताबिक रुद्रपुर पुलिस से संपर्क कर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।