बगैर एप के छुट्टी नहीं ले सकेंगे शिक्षक
धामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों को साल 2020 में नियमानुसार मिलने वाली 14 छुट्टियां वर्ष के समापन होने के साथ पूरी हो गई हैं। अब शिक्षक बगैैर मानव संपदा एप पर आवेदन किए अवकाश नहीं ले सकेंगे। नए साल में शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को मानव संपदा पर नियमानुसार साल में 14 और माह में अधिकतम चार ही अवकाश मानव संपदा एप पर आवेदन करने से प्राप्त हो सकेंगे। अन्यथा की स्थिति में अवकाश का आवेदन अमान्य रहेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी योगेशपाल ने बताया कि धामपुर ब्लाक क्षेत्र में कुल 123 प्राथमिक और 35 जूनियर विद्यालय हैं। नियमानुसार साल में अब तक शिक्षकों को 14 और शिक्षामित्र, अनुदेशकों को 11 छुट्टी का प्रावधान था। लेकिन अब उन्हें भी शिक्षकों की तरह मानव संपदा पर ही साल में 14 और माह में चार अवकाश मिलेंगे। यह अवकाश तभी स्वीकृत होगा, जब मानव संपदा एप पर अवकाश का आवेदन होगा। अब अवकाश का प्रार्थना पत्र चलने वाला नहीं है। न ही विभाग के अधिकारियों के व्हाट्सएप पर प्रार्थना पत्र लिखकर डालने से अवकाश मिलेेगा। बकौल बीईओ, 31 दिसंबर को साल 2020 के सबसे अंतिम दिन होने के कारण ब्लॉक क्षेत्र के करीब 146 शिक्षकों ने मानव संपदा पर अवकाश को आवेदन किया। एक जनवरी 2021 को ब्लाक के केवल तीन शिक्षकों ने अवकाश को मानव संपदा एप पर आवेदन किया। तीनों के अवकाश स्वीकृत किए गए हैं। स्कूल समय के बाद हुए आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। बगैर मानव संपदा के कोई भी प्रार्थना पत्र स्वीकार्य नहीं होगा।