लखनऊ में प्रदर्शन कर लौटे शिक्षकों ने भरी आंदोलन की हुंकार
बिजनौर। शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को लखनऊ में प्रदेश के शिक्षकों ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से लौटे शिक्षकों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। शिक्षकों ने 21 जनवरी से स्कूलों में तालाबंदी करने को कहा है।
बृहस्पतिवार को लखनऊ में हुए धरना प्रदर्शन में बिजनौर जिले से भी काफी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। लखनऊ से लौटे शिक्षकों ने कहा कि शासन द्वारा उनकी मांग अभी भी पूरी नहीं की गई है। सूबे में कई हजार प्रधानाध्यापकों के पद रिक्त पडे़ हैं। स्कूलों का संविलियन का आदेश भी निरस्त नहीं हुआ है। शासन जबरन प्रेरणा एप लागू करने पर आमादा है। जबकि इस एप के माध्यम से शिक्षकों के अवकाश भी स्वीकृत नहीं हुए है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार व जिला मंत्री प्रशांत सिंह ने बताया कि प्रांतीय नेताओं की डिप्टी सीएम डॉक्टर दिनेश चंद्र के साथ हुई वार्ता भी विफल हो गई है। उन्होंने बताया कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि शासन ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो पूरे सूबे में 21 जनवरी से स्कूलों में तालाबंदी की जाएगी। इसकी तैयारी अभी से शुरू की जाएगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी, शिक्षक नेता चौधरी अंगजीत सिंह, राहुल सिंह, असीम चौहान ने बताया कि शासन शिक्षकों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। शिक्षकों की सभी मांगें अविलंब पूरी की जाएं।