झालू/हल्दौर । ट्यूशन पढ़ाने वाला झालू निवासी शिक्षक तनवीर समोसा खिलाने के बहाने कक्षा छह की छात्रा को संग ले गया। उसने कार में छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और उसे बदहवास हालत में सड़क पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक तनवीर कोतवाली देहात के प्राथमिक स्कूल में तैनात है जोकि अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता है। रविवार की शाम करीब चार बजे 12 साल की छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए शिक्षक के घर पहुंची। ट्यूशन पढ़ाने के बाद बाकी बच्चों को शिक्षक ने घर भेज दिया जबकि पीड़िता को रोक लिया।
आरोप है कि शिक्षक ने उसे समोसा खिलाने की बात कही और कार में बैठाकर ले गया। आरोपी ने बीच रास्ते में ही कार में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और छात्रा को बदहवास हालत में छोड़कर भाग निकला। घटनास्थल से गुजर रहे कुछ लोगों ने किशोरी को देखा और तुरंत पुलिस व उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किशोरी को थाने ले गए।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक तनवीर के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक की शादी भी कुछ महीना पहले ही हुई है। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।