संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को कई माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों से संपर्क किया। बताया कि 20 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
संगठन के जिलाध्यक्ष गय्यूर आसिफ, जिला मंत्री विनोद कुमार पदाधिकारियों के साथ धामपुर क्षेत्र के जनता इंटर कालेज मुकरपुरी, आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दौलताबाद, आरएसपी स्योहारा, एमक्यू इंटर कॉलेज, बिरला कन्या इंटर कालेज आदि विद्यालयों में पहुंचे। वहां शिक्षकों से उनकी समस्याएं एकत्र की, समाधान का आश्वासन दिया तथा 20 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर होने वाले धरने प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की।
विनोद कुमार ने कहा कि पुरानी पेंशन, शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा से जुड़ी हुई धारा 12, 18 तथा धारा 21 के की पुनर्स्थापना, तदर्थ शिक्षकों को पेंशन जैसी अनेक समस्याओं को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने अनेक बार शासन से वार्ता की है, किंतु समाधान नहीं हुआ। विवश होकर सभी जिलों में 20 अगस्त को धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस अवसर पर अनिल देवड़ा, अरविंद कुमार, ललित कुमार, डॉ़ हरीश राजपूत आदि रहे।