बिजनौर। बैराज पुल का स्लैब क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बंद है। ऐसे में मेरठ, दिल्ली जाने वाले एवं वहां से बिजनौर आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग बैराज के दोनों ओर बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। ताकि, परेशानी का समाधान हो सके।
पुल से आवागमन बंद होने से मेरठ, दिल्ली की ओर से रोडवेज बसें चांदपुर, गजरौला होकर अपनी मंजिल तक पहुंच रही हैं। ऐसे में दूरी बढ़ने से किराए में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दूसरी ओर से मुजफ्फरगनर की कुछ बसें पुल पार ही रुक जाती हैं। बिजनौर आने वाले यात्री पैदल पुल पार करके ई-रिक्शा, टेंपों से बिजनौर पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें अधिक किराया खर्च करना पड़ रहा है।
इसके अलावा बिजनौर आने वाले कुछ लोग रोडवेज बस से मीरापुर ही उतर जाते हैं। वहां से टैंपो, ई-रिक्शा से बिजनौर बैराज पुल तक पहुंचते हैं। इसके बाद बिजनौर जाने के लिए दूसरे वाहन में सफर करते हैं। इससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। इसके चलते लोगों ने दोनों ओर रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
यात्री मुकेश, फारुख, ममता, रोहन आदि ने बताया कि पुल बंद होने से काफी परेशानी हुई। ई-रिक्शा वाले ने पुल पार ही उतार दिया। अब बिजनौर जाने के लिए किसी दूसरे वाहन से जाएंगे। दोनों ओर बस सेवा शुरू होनी चाहिए। ताकि, यात्रियों को राहत मिल सके।