मिलों को अगले सप्ताह गन्ना भुगतान का दिया लक्ष्य
बिजनौर। डीएम ने भुगतान करने में पिछड़ी बिजनौर व चांदपुर मिल के अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने गन्ना भुगतान के लिए मिलों को अगले हफ्ते का टारगेट दिया है। मिलों से अगले सप्ताह का शत प्रतिशत भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम रमाकांत पांडेय ने गन्ना भुगतान पर सख्त रुख अपनाते हुए हर हफ्ते अफसरों की बैठक लेनी शुरू की है। अब हर हफ्ते गन्ना भुगतान का लक्ष्य दिया जाएगा और बैठक कर भुगतान की समीक्षा की जाएगी। डीएम ने शनिवार को भुगतान की समीक्षा बैठक में पाया कि चांदपुर चीनी मिल ने आवंटित लक्ष्य से 50 लाख व बिजनौर चीनी मिल ने करीब सवा करोड़ का भुगतान कम किया है। उन्होंने दोनों मिलों के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। पिछले सप्ताह मिलों को कुल 97 करोड़ भुगतान का लक्ष्य दिया गया, जिसकी सापेक्ष में मिलों ने 117 करोड़ का भुगतान किया है। डीएम ने अगले सप्ताह स्योहारा चीनी मिल को 15 करोड़, बिलाई, बरकातपुर व धामपुर चीनी मिल को दस दस करोड़ व बाकी चीनी मिलों को पांच पांच करोड़ रुपये भुगतान के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी सहित सभी चीनी मिलों के अफसर मौजूद रहे।