-ब्लॉक प्रमुख के सुझाए टंकी निर्माण स्थल की हुई नापतोल
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमानुल्लापुर में चल रहे टंकी निर्माण के विवाद पर जल निगम के अधिशासी अभियंता राकेश चौधरी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ब्लॉक प्रमुख ने जल निगम को टंकी निर्माण के लिए नए स्थान का सुझाव दिया।
जल जीवन में मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमानुल्लापुर में पेयजल टंकी के निर्माण स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद के संबंध में शुक्रवार को जांच की गई। ग्राम प्रधान प्रशांत चौधरी ने जल निगम और कंपनी ठेकेदार पर अधिक भूमि कब्जाने, बीच में टंकी निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य बृहस्पतिवार को रुकवा दिया था।
जल निगम के अधिशासी अभियंता राकेश चौधरी के निर्देश पर एई शुभम सक्सेना ने ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह, ग्राम प्रधान प्रशांत कुमार की उपस्थिति में मामले की जांच की। ठेकेदार का कहना था कि सोलर पैनल पर टंकी से सूर्य का प्रकाश प्रभावित न हो, इस कारण टंकी सोलर पैनल से दूरी पर बनाई जा रही है।
ग्राम प्रधान प्रशांत चौधरी ने बताया कि नियमानुसार डेढ़ से दो बीघा जमीन की टंकी निर्माण के लिए आवश्यकता होती है। इसके बावजूद कंपनी ठेकेदार और जल निगम द्वारा चार बीघा जमीन कब्जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने टंकी निर्माण स्थल बदलने जाने तक निर्माण कार्य नहीं होने देने की बात कही।
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने पैनल से कुछ दूरी पर टंकी निर्माण का सुझाव दिया। अधिशासी अभियंता और कंपनी ठेकेदार ने ब्लॉक प्रमुख द्वारा सुझाए स्थान पर टंकी निर्माण के लिए नापतोल की। प्रथम दृष्टया स्थान उपयुक्त पाया गया है।
उधर, जल निगम द्वारा बाउंड्री वॉल में अनावश्यक खर्च होने की बात कही। ब्लॉक प्रमुख एवं ग्राम प्रधान ने जल निगम द्वारा बनाई गई दीवार को ग्राम पंचायत के कार्य में लेने और कंपनी को होने वाली आर्थिक क्षति को ग्राम पंचायत से समायोजित कराने पर सहमति व्यक्त की।