नगीना। रायपुर सादात में स्थित एक विवादित जमीन के मामले में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों व किसान यूनियन के नेताओं के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर सादात में एक भट्टे के पास स्थित जमीन पर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। एक पक्ष (मोहम्मद अहसान) के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ता खुल कर मैदान में हैं। बृहस्पतिवार को विवादित जगह पर दूसरे पक्ष द्वारा कराए गए निर्माण को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच काफी नोकझोंक व हंगामा हुआ था।
शुक्रवार की सुबह एसडीएम कार्यालय में एसडीएम मांगेराम चौहान व पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत कुमार सोनकर की मौजूदगी में दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों व भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के नेताओं के साथ करीब चार घंटे लंबी वार्ता चली। बैठक के बाद एसडीएम मांगेराम चौहान ने बताया कि मोहम्मद अहसान पक्ष को दूसरे पक्ष द्वारा 15 फिट का रास्ता देने की बात रखी गई थी, जिसे उन्होंने अस्वीकार करते हुए अदालती लड़ाई लड़ने की ही बात कही है। भारतीय किसान अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष नितिन सिरोही का कहना है कि पुलिस प्रशासन के साथ दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।