बिजनौर। जिला महिला अस्पताल में एक महिला सरकारी योजना में 50 हजार रुपये की एफडी कराने का झांसा देकर एक नवजात बच्चे को उसकी दादी से छीनकर फरार हो गई।
पुलिस पीड़ित को लेकर आरोपी महिला की तलाश में जुटी है। शाम को पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की।
थाना नगीना क्षेत्र के गांव पखनपुर निवासी तेजपाल सिंह ने अपनी पत्नी किरण देवी को प्रसव पीड़ा होने चार दिन पूर्व जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
रविवार को किरण ने सर्जरी से एक बेटे को जन्म दिया। मंगलवार की दोपहर किरण की सास केलोदेवी दो दिन के नवजात पोते के लेकर अस्पताल परिसर में घूम रही थी। इस दौरान एक महिला उसके पास आई और बच्चे के जन्म के बारे में पूछताछ करने लगी।
महिला ने केलोदेवी को बताया कि नवजात बच्चे को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये मिलते है। इसकी एफडी कराई जाती है। एफडी कराने के लिए बच्चे का फोटो तहसील में खिंचवाया जाता है। केलोदेवी बच्चे को लेकर जिला महिला अस्पताल के गेट पर आई।
इस दौरान आरोपी महिला ने किसी बहाने से नवजात शिशु को ले लिया और चकमा देकर रफूचक्कर हो गई। इससे अस्पताल में हंगामा हो गया। सूचना पर सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली।
पुलिस केलोदेवी को साथ लेकर तुरंत ही आरोपी महिला को ढूढने के लिए निकल गई, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। उधर, सीएमएस महिला अलका दीक्षित का कहना है कि अस्पताल गेट के बाहर यह घटना हुई है।
दूसरी तरफ, शहर कोतवाल अजय गौतम का कहना है कि नवजात शिशु के परिजनों की तहरीर पर महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।