आयुष्मान कार्ड बनवाने में मदद करेगा पूर्ति विभाग
नजीबाबाद। एसडीएम परमानंद झा ने पूर्ति विभाग, नगरपालिका परिषद और राजस्व विभाग को आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग के निर्देश दिए हैं। जिले में मात्र 22 प्रतिशत लोगों ने ही आयुष्मान कार्ड बनवाए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से वर्ष 2011 में बनी बीपीएल सूची के पात्रों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चला रहा है। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डा.पीआर नायर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान में एसडीएम ने पूर्ति अधिकारी अमित कुुमार को समस्त राशन विक्रेताओं को ग्रामीण क्षेत्रों के वर्ष 2011 बीपीएल सूची में शामिल आर्थिक रूप से कमजोरों को चिह्नित कर आयुष्मान कार्ड बनवाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने को कहा है। एसडीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर आयुष्मान कार्ड बनवाने के शिविर लगाने का स्वास्थ्य विभाग को आश्वासन दिया। नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में 26 जुलाई से नौ अगस्त तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में 14 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है।