नहटौर। दिल्ली और मुंबई के सैन्य ठिकानों की तस्वीरें, वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजने के आरोप में गाजियाबाद की कौशांबी पुलिस द्वारा महमूदपुर कामिल उर्फ नवादा निवासी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो सहित छह संदिग्धों की गिरफ्तारी के मामले में गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार सुहेल का परिवार करीब पांच वर्षों से पुणे में रह रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुहेल का पिता इस्लामुद्दीन पुणे में एक बेकरी में काम करता है, जबकि उसका भाई सोएब वहां सैलून में काम करता है। परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें उसके ताऊ-चाचा भी शामिल हैं, लंबे समय से वहीं रह रहे हैं। गांव नवादा में केवल उसके दादा अहसन और दादी वहीदन ही रहते हैं। करीब 80 वर्षीय अहसन ई-रिक्शा चलाकर अपना और पत्नी का गुजारा करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सुहेल करीब दो वर्ष पहले 11वीं की परीक्षा देने के लिए गांव आया था। इसके बाद से वह गांव नहीं लौटा। उसके खिलाफ नहटौर थाने में भी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से ही सुहेल की गिरफ्तारी और उस पर लगे आरोपों की जानकारी मिली। इस खबर से गांव के लोग हैरान और स्तब्ध हैं। वहीं, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।