डीसीओ कार्यालय में चल रहा किसानों का धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर । राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले डीसीओ ऑफिस पर चल रहा किसानों का धरना प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। चेतावनी दी कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि किसान अपने जायज मांग कर रहा है। जो चीनी मिल समय पर भुगतान नहीं करती है, उसे गन्ना नहीं देंगे। गन्ना की आपूर्ति करना किसानों का हक है और वह कहीं भी गन्ना आपूर्ति करें, इसका उसे अधिकार होना चाहिए। कहा कि समाधान नहीं होने पर जल्द ही बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। कैलाश लाम्बा ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के साथ मिलकर उनके हकों की लड़ाई लड़ी जा रही है और आगे भी जारी रहेगी। धरने पर उदयवीर सिंह, लोकेंद्र सिंह, सुक्खे, अनिल बांकपुर, दिग्विजय सिंह आदि उपस्थित रहे।