चीनी मिलों ने लगवाने शुरू किए क्रय केंद्र
बिजनौर। अगले पेराई सत्र के लिए चीनी मिलों ने तैयारी करनी शुरू कर दी है। चीनी मिलों ने गांवों में क्रय केंद्र लगाने शुरू कर दिए हैं। अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में चीनी मिलों की पेराई शुरू होने के आसार हैं। मिलों में मरम्मत का काम अंतिम चरण में है।
पिछला पेराई सत्र किसानों और चीनी मिलों के लिए बहुत मुश्किल से पूरा हुआ। मिलों का पेराई सत्र जून तक चला था। गन्ने की बंपर पैदावार और लगातार बढ़ रहा गन्ना रकबा परेशानी बन रहा है। पिछले पेराई सत्र में चीनी मिलों को इतना गन्ना मिला कि चीनी रखनेे के लिए गोदामों में जगह तक खत्म हो गई थी। इस बार गन्ना रकबा और 11 प्रतिशत बढ़ गया है। बढ़े गन्ने रकबे को देखते हुए चीनी मिलों ने पेराई सत्र खत्म करने के साथ ही अगले पेराई सत्र के लिए मरम्मत शुरू कर दी थी। मिलों में मरम्मत का काम या तो पूरा हो चुका है या फिर अंतिम चरण में है। मिलों ने पेराई के लिए गांवों में क्रय केंद्र लगाने शुरू कर दिए हैं। कई जगह जहां पिछले साल बरसात के कारण क्रय केंद्रों की जमीन गहरी हो गई थी वहां पर किसान मिट्टी भी डाल रहे हैं। क्रय केंद्रों पर मिल गेट से दो-तीन दिन पहले पेराई शुरू की जाती है। इसी हिसाब से मिल तैयारी में जुट गई हैं। ऐसा शायद पहली बार हो रहा है कि सितंबर में चीनी मिलों के क्रय केंद्र लगाए जा रहे हैं।
चीनी मिल क्रय केंद्र
बिजनौर 07
धामपुर 209
स्योहारा 154
नजीबाबाद 38
बुंदकी 72
चांदपुर 50
बिलाई 95
बरकातपुर 86
बहादरपुर 60
योग 771
नोट:आंकड़े गन्ना विभाग से लिए गए हैं।
‘कोई संशोधन हो तो किसान करा लें’
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार चीनी मिल क्रय केंद्र लगवा रही हैं। अक्तूबर में चीनी मिल पेराई शुरू करेंगी। किसान पेराई शुरू होने से पहले अपने रकबे, मोबाइल नंबर आदि में कोई संशोधन हो तो करा लें।