जल्द शुरू होगा सब डिवीजन कार्यालय
नजीबाबाद। नगर पंचायत साहनपुर में जल्द ही विद्युत निगम नजीबाबाद के सब डिवीजन कार्यालय शुरू हो जाएगा। साहनपुर सब डिवीजन से साहनपुर, भागूवाला और राजपुर नवादा बिजली घर को जोड़ा जाएगा। इससे आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
साहनपुर, भागूवाला और राजपुर नवादा बिजली घर से संबंधित विद्युत उपभोक्ताओं के लिए जल्द ही साहनपुर बिजली घर पर विद्युत निगम का सब डिवीजन कार्यालय काम करना शुरू करेगा। संबंधित बिजली घरों के उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में गड़बड़ी, बिजली बिल जमा कराने तथा अन्य समस्याओं के लिए 33 केवी आदर्शनगर बिजली घर जाना पड़ता था।
आदर्शनगर बिजली घर पर लगातार विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ रही थी। वर्तमान में आदर्शनगर सब डिवीजन कार्यालय पर 25 हजार उपभोक्ताओं के बजाए 44 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं का भार था। अब तक आदर्शनगर बिजली घर कार्यालय से 132 केवी उप संस्थान आदर्शनगर, साहनपुर, अकबरपुर चौगांवा, राजपुर नवादा और भागूवाला के उपभोक्ता जुड़े थे।
विद्युत निगम पश्चिमांचल ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और बिजली घरों पर दबाव कम करने के लिए साहनपुर, रायपुर सहित 52 सब डिवीजन कार्यालय स्थापित करने और उन पर एसडीओ की तैनाती का फैसला लिया था। नगर पंचायत साहनपुर में हालांकि अप्रैल माह में सब डिवीजन कार्यालय स्थापित करने का लक्ष्य था, लेकिन कोरोना काल से प्रभावित वातावरण में अभी तक सब डिवीजन स्थापित नहीं हो पाया है।