फीस जमा नहीं होने पर परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे छात्र
बिजनौर। जिले के यूपी बोर्ड के विद्यालयों में दसवीं तथा बारहवीं में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों की बोर्ड की फीस जमा नहीं हुई है। फीस जमा करने की पांच अगस्त आखिरी तारीख है। प्रधानाचार्यों ने तारीख बढ़ाने की मांग की है। फीस जमा नहीं होने पर छात्र परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे।
जिले में यूपी बोर्ड के 387 विद्यालय हैं। इनमें कक्षा नौ से बारह तक करीब 80 हजार विद्यार्थी पढ़ते हैं। कक्षा नौ व ग्यारह के विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस तथा कक्षा दस व बारह के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख पांच अगस्त है। कोरोना का प्रकोप चल रहा है। बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। विद्यालय व्हाटस एप से अभिभावकों को फीस जमा करने के लिए कह रहे हैं। अभिभावक कोरोना में कामकाज ठप होने की बात कह रहे हैं। जानकारी के अनुसार अनेक स्कूलों में चार अगस्त तक करीब 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने फीस जमा की है। आरजीएनपी इंटर कॉलेज ताजपुर के प्रधानाचार्य लल्लनराम ने बताया कि बार-बार कहने पर भी अभिभावक फीस जमा करने नहीं आ रहे हैं। प्रधानाचार्य छात्र हित में फीस जमा करने की आखिरी तारीख बढ़ाने की मांग करने लगे हैं।
फीस जमा करने वाले छात्रों की संख्या है बहुत कम
सावित्री बाई फूले इंटर कॉलेज के प्रबंधक गिरिराज सिंह के अनुसार प्रधानाचार्य ने बताया है कि हाई स्कूल के 240 छात्रों में 25 तथा इंटर के 210 छात्र में से 20-22 की बोर्ड फीस आई है।
इंटर कॉलेज अस्करीपुर के प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह के अनुसार हाईस्कूल में करीब 40 प्रतिशत तथा इंटर में 55 प्रतिशत छात्रों ने फीस जमा की है। अभिभावक फीस जमा करने नहीं आ रहे हैं।
डीएवी इंटर कॉलेज कादराबाद खुर्द के प्रधानाचार्य गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 67 में से पांच तथा इंटर में 99 में से मात्र 10 विद्यार्थियों ने बोर्ड फीस जमा की है।
किसान इंटर कॉलेज मंडावली की प्रधानाचार्य सुनीति त्यागी ने बताया कि हाईस्कूल में 345 में 96 तथा इंटर में 216 में से 52 छात्रों ने बोर्ड फीस जमा की है। अभिभावक बुलाने पर भी नही आ रहे हैं ।
न्यादरी देवी कन्या इंटर कालेज नूरपुर की प्रधानाचार्य अमिता सिंह के अनुसार हाई स्कूल व इंटर के कुल 193 बच्चों में से मात्र 25 प्रतिशत बच्चों की फीस आई है। अभिभावक कोरोना मे कैसे आए कहकर टाल रहे हैं।
एचएम इंटर कॉलेज जमालपुर महमदाबाद नहटौर के प्रधानाचार्य सत्यवीर सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 115 में से 50 तथा इंटर में 170 मे से 55 छात्रों ने फीस जमा की है। गांव के अभिभावक पैसा नहीं होने की बात कह रहे हैं।