छात्रों को 20 जून से पहले लेना होगा परीक्षा का निर्णय
बिजनौर। आईसीएसई बोर्ड ने हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट के बचे पेपर देने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने छात्रों को दो विकल्प दिए है। छात्र को अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से एक विकल्प चुनना है। छात्रों को अपने निर्णय की जानकारी 20 जून से पहले स्कूल के प्रधानाचार्य को देनी है।
छात्र पहले विकल्प के अनुसार जुलाई में बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दे सकता है। परीक्षा विद्यालय आकर देनी है। दूसरे विकल्प में परीक्षा नहीं देने पर छात्र को इंटरनल एसेसमेंट अर्थात आंतरिक मूल्यांकन तथा स्कूल द्वारा ली गई प्री बोर्ड परीक्षा के आधार पर अंक दे दिए जाएंगे। छात्रों को एक विकल्प चुनकर अपनी स्वीकृति देनी है। विकल्प चुनने का निर्णय छात्र का व्यक्तिगत होगा। बोर्ड ने छात्रों को सुविधा दी है कि वह परीक्षा से दो दिन पहले निर्णय बदल सकता है। साथ ही यदि छात्र पहला विकल्प चुनता है तथा किसी कारण से बोर्ड परीक्षा संचालित नहीं करता है तो इंटरनल एसेसमेंट अर्थात आंतरिक मूल्यांकन तथा प्री बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर बोर्ड रिजल्ट प्रकाशित कर देगा। सेंट मेरी स्कूल की प्रधानाचार्या सिस्टर रिंकी के अनुसार सेंट मेरी स्कूल बिजनौर के आईसीएसई बोर्ड के हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट के सभी छात्र छात्राओं को 18 जून को साढे़ आठ बजे से साढे़ बारह बजे के बीच विचार विमर्श के लिए बुलाया है।