अगली कक्षा में प्रोन्नति के लिए एडीएम से मिले विद्यार्थी
बिजनौर। कक्षा नौ एवं 11 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने अगली कक्षाओं के लिए प्रोन्नत करने की मांग की है। इसे लेकर छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व को सौंपा। विद्यार्थी उप मुख्यमंत्री से भी प्रोन्नति की गुहार लगा चुके हैं।
शुक्रवार को नजीबाबाद निवासी समाज सेवी अभिनव अग्रवाल एडवोकेट के नेतृत्व में एकत्रित होकर सभी स्कूलों के छात्र-छात्राएं कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश कुमार मिश्र को सौंपा। उन्होंने बताया कि शिक्षा सत्र 2020-21 कोरोना काल में बीत गया है। स्कूलों ने ऑनलाइन पढ़ाई कराई, लेकिन कोरोना महामारी के कारण मध्यम वर्गीय लोग अपने बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा नहीं दिला पाए। इस कारण अधिक संख्या में कक्षा नौवीं और 11 वीं के छात्र-छात्राएं वार्षिक परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हो पाए। उन्होंने मांग की है कि जनपद के सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रोन्नत कर अगली कक्षा में प्रवेश दिलाया जाए।
इस संबंध में उपमुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार नजीबाबाद को सौंपा जा चुका है। जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक आदि के सामने भी यह समस्या रखी जा चुकी है। ज्ञापन देने वालों में अभिनव अग्रवाल एडवोकेट, राजवीर सिंह एडवोकेट, पवन कुमार सिंह एडवोकेट, पारुल, अमीषा, जय राजपूत, शिवानी, दिव्या रानी, अर्चना, अनन्या, खुशी पाल, आंचल, स्वाति राजपूत, कार्तिक, अभिषेक, दुष्यंत सिंह, रोहित राजपूत आदि मौजूद रहे।