बिजनौर। नहटौर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय मीमला जमालपुर के छात्र व इसी गांव के ग्रामीण बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर वादा खिलाफी एवं कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए स्कूल से शिक्षक सौरभ कुमार को हटाने की मांग की। उनका कहना है कि शिक्षक अभद्रता करते हैं।
धरने पर बैठे छात्रों व ग्रामीणों और किसान नेताओं ने बताया कि एक महीने से शिक्षक के डर के कारण कई छात्र स्कूल नहीं जा रहे हैं। एक माह पहले जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया था और जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था लेकिन अब तक शिक्षक के खिलाफ विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
उधर शिक्षक सौरभ कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान छात्रों को इस्तेमाल कर रहे हैं। बताया कि इन्हीं छात्रों का लाखों रुपये मिड डे मिल का गबन किया है। संयुक्त खाता होने के कारण पहले मुख्य अध्यापक सस्पेंड होकर अफजलगढ़ ट्रांसफर में चले गए और ग्राम प्रधान बच गए। शिक्षक ने ग्राम प्रधान पर स्कूल की भूमि पर कब्जे का आरोप भी लगाया।
वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि इस प्रकरण में स्कूल के शिक्षक सौरभ कुमार को विद्यालय के इंचार्ज के पद से हटाकर स्कूल की ही अन्य शिक्षिका को चार्ज दे दिया है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से जांच चल रही है।