यूनिफॉर्म में छात्र का फोटो करना होगा अपलोड
बिजनौर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का यूनिफॉर्म पहने एक फोटो विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले छात्र-छात्राओं की यूनिफॉर्म के लिए इस बार धनराशि नहीं आएगी।
जनपद में करीब 22 सौ परिषदीय विद्यालयों में करीब दो लाख छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। कोरोनाकाल के कारण गत शैक्षिक सत्र में छात्रों को शासन से मिलने वाले स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, जूते- मोजे की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में भेजी गई थी। कई स्कूलों के काफी छात्र अभी भी बिना यूनिफॉर्म के ही स्कूल आ रहे हैं। अभिभावकों ने अभी तक बच्चों के लिए यूनिफॉर्म व जूते-मोजे नहीं दिलाए हैं। अब शासन और विभाग इस मामले में सख्त कदम उठाए हैं। अब छात्रों को पूरी यूनिफार्म के साथ फोटो खिंचवा कर शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। जिन छात्रों के फोटो अपलोड नहीं होंगे, उन्हें अगली बार यूनिफार्म के लिए धनराशि नहीं मिलेगी। बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शिक्षकों के माध्यम से अभिभावकों को यूनिफॉर्म दिलवाने के लिए प्रेरित करें और उनका यूनिफॉर्म में फोटो वेबसाइट पर अपलोड करा दें।