खो नदी में डूबे छात्र की नाव से तलाश करते गोताखोर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नगीना में खो नदी में डूबे सैंटमेरी के छात्र आफाम की तलाश गोताखोरों ने जारी रखी है। हालांकि छात्र के बारे में 30 घंटे व्यतीत हो जाने के बावजूद गोताखोरों को कामयाबी नहीं मिली है। उधर, सोमवार को स्कूल भी बंद रहा।
मोहल्ला मुगलान निवासी शाहनवाज का बेटा आफाम रविवार की दोपहर गांव बूढ़ावाला में खो नदी पर अपने दो साथियों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान ढांग पर खड़े होकर सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से खो नदी में जा गिरा।
पानी के तेज बहाव में वह बह गया। घटना की सूचना उसके साथियों ने काफी देर बाद परिजनों को दी। नगर पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान, क्षेत्र के विधायक मनोज पारस के भाई धर्मेंद्र पारस, इकबाल कुरैशी, नगर के लोग मौके पर पहुंचे। एसडीएम प्रदीप कुमार ने गोताखोरों को तलाश करने के लिए बुलाया।
रात नौ बजे तक खो में किशोर को तलाश किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार की सुबह पांच बजे से फिर से सर्च अभियान तहसीलदार व एसडीएम के मौजूदगी में शुरू किया गया। सर्च का एरिया गांव भगवानपुर तक बढ़ा दिया गया।