कादराबाद में चाकू के हमले में उपचार के दौरान युवक की मौत पर गमजदा परिजन।संवाद
कादराबाद (बिजनौर)। करीब 26 दिन पूर्व चाकू से किए गए हमले में घायल गांव मुरलीवाला निवासी युवक की रविवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक दिल्ली में कोचिंग के लिए गया था। परिजनों ने शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने दिल्ली पुलिस पर घटना को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी अनिल राठी ने बताया उनका भतीजा प्रिंस राठी (19) पुत्र संजय राठी पांच माह से दिल्ली में रहकर कोचिंग कर रहा था। बीती नौ सितंबर को दिल्ली मेट्रो स्टेशन निर्माण विहार में रात करीब नौ बजे पांच युवकों ने लूटपाट के इरादे उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल प्रिंस ने मेट्रो स्टेशन पर पहुंचकर पुलिस से सहायता मांगी लेकिन उसकी कोई मदद नहीं की गई। वह किसी तरह अस्पताल पहुंचा। इसके बाद उसे जीटीबी अस्पताल दिल्ली भेज दिया गया। रविवार की रात प्रिंस ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची। बाद में परिजन युवक के शव को गांव ले आए। परिजनों ने युवक का बिना पोस्टमार्टम के ही गांव स्थित रामगंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना पर सीओ आलोक कुमार व थानाध्यक्ष रामप्रताप ने मामले की जानकारी ली। युवक की बड़ी बहन भी अपने भाई के साथ हुई घटना की खबर पर अमेरिका से गांव पहुंची। उसका एक भाई दुबई में है जिसका टिकट न होने के कारण वह गांव नहीं पहुंच सका। सीओ का कहना है मामला संज्ञान में आया है।
कादराबाद में चाकू के हमले में उपचार के दौरान युवक की मौत पर गमजदा परिजन।संवाद