बिजनौर। निर्माणाधीन हाईवे पर गांव देवल के पास कार ने ओवरटेक किया और सड़क पर ढलान से उतरते ही रफ्तार बढ़ी। तेज रफ्तार कार मध्य गंगा नहर के पुल पर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में लक्ष्य (28) और उसकी दोस्त प्रियंका की मौत हो गई जबकि लक्ष्य का बड़ा भाई मयंक और भाभी रिया जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
हादसा सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे हुआ। इस हादसे के प्रत्यक्षदर्शी संदीप ने बताया कि पुल के पास सड़क पर ढलान है। इस ढलान से पहले ही उनकी कार को उक्त कार ने ओवरटेक किया। ओवरटेक करने के बाद कार ढलान से नीचे उतरी तो रफ्तार और बढ़ गई। बताया कि हादसे के बाद कार की चारों खिड़कियां लॉक हो चुकी थी। कार में फंसे घायलों को निकालने के लिए राहगीरों को कुछ नहीं सूझा तो उन्होंने गाड़़ी में तोड़फोड़ करते हुए घायलों को बाहर निकाला। उधर ड्राइविंग सीट पर सवार युवक लक्ष्य को निकालने में आधा घंटे से भी ज्यादा समय लगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि कार के चालक को नींद की झपकी लगी होगी। तभी यह हादसा हुआ।
दुबई में नौकरी करते थे लक्ष्य और प्रियंका
लक्ष्य राजपूत पहले दिल्ली के किसी होटल में नौकरी किया करता था। इसके बाद वह दुबई में नौकरी करने लगा। प्रियंका भी दुबई में रहती थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई। अब दोनों रविवार की रात ही किसी समय दुबई से दिल्ली लौटे। जिन्हें लेने के लिए बड़ा भाई मयंक अपनी पत्नी रिया के साथ एयरपोर्ट गया था। दिल्ली से बिजनौर लौटते समय इनकी कार ट्रक से टकरा गई।
घायल दंपती की हालत भी बेहद नाजुक
हादसे में घायल मयंक और उसकी पत्नी रिया का बिजनौर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया कि इस हादसे की वजह से मयंक को ब्रेन हेमरेज हुआ है जबकि रिया के लीवर में काफी चोट है। रिया को वेंटीलेटर पर रखा गया है। दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे से सदमे में आया परिवार
मृतक लक्ष्य के पिता शिवकुमार कृष्णा कॉलेज में गार्ड की नौकरी करते हैं। मूलरूप से खेड़ी गांव निवासी शिवकुमार काफी समय पहले बिजनौर में आकर बस गए थे। अब सड़क हादसे में शिवकुमार के छोटे बेटे लक्ष्य की मौत हो गई। जबकि बड़ा बेटा मयंक और पुत्रवधु जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। हादसे को लेकर पूरा परिवार सदमे में डूबा हुआ है और रो रोकर बुरा हाल है।
कहा तुम चली गई। बिजनौर-मेरठ रोड पर गांव देवल के पास सड़क दुर्घटना में प्रियंका की मौत पर गमजदा - फोटो : mathura