भागूवाला क्षेत्र की यूपी-उत्तराखंड सीमा पर बने बंकर पर तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली/नजीबाबाद (बिजनौर) विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने उत्तराखंड से लगी यूपी की सीमाओं पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर सीमा पर वाहनों के साथ संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। मंडावली थानाध्यक्ष ने भागूवाला क्षेत्र की सीमा पर बंकर बनवाकर पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है।
एसपी ने यूपी-उत्तराखंड की सीमा पर तैनात थाना प्रभारियों को विधानसभा चुनाव को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। मंडावली पुलिस ने शुक्रवार को उत्तराखंड से लगी भागूवाला क्षेत्र की सीमा पर शराब आदि की तस्करी की संभावना को देखते हुए सख्ती से चेकिंग की। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ कारों की डिग्गियां खुलवाने के साथ ही लोडर वाहनों की बारिकी से जांच की। वाहनों के कागजात देखने के साथ ही चालकों से गहनता से पूछताछ की गई। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ ने पुलिसकर्मियों को सीमा पर चौकन्ना रहने और सख्ती से वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमा पर बनाए गए बंकर का भी निरीक्षण किया। उधर, नजीबाबाद थाना क्षेत्र की जाफरा चौकी पर भी संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई।