पुलिसकर्मी के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। थाने के एक पुलिसकर्मी के कोरोना पॉजिटिव मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया। संक्रमित पुलिसकर्मी का गैर जनपद को स्थानांतरण होने पर थाने से दो दिन पूर्व रवानगी की जा चुकी है।
थाने के एक पुलिसकर्मी का जांच सैंपल लेकर तीन दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गए थे। इसी दौरान थाने में तैनात पुलिसकर्मी का स्थानांतरण दो दिन पूर्व हो गया और उसकी रवानगी हो गई। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट आई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकला। जिससे थाने में हड़कंप मच गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर मदनपाल सिंह ने बताया कि थाने में उसके संपर्क में आने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह सोलंकी ने बताया कि संक्रमित पुलिसकर्मी के संपर्क में आए अन्य पुलिसकर्मियों का पता कर उनकी भी जांच कराई जाएगी। इससे पहले भी थाने का एक पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित निकल चुका है।