नगीना। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी के खिलाफ मुस्लिमों ने रविवार की सुबह गुस्से का इजहार किया।
तिवारी को फांसी दो लिखी हजारों तख्तियों और हाथों में 28 पुतलों के साथ जुलूस निकाला। गुस्साए युवकों ने तिवारी के पुतलों को जमीन पर पटक पटक कर पीटा।
जमीयत उलेमा के जिला सचिव और जामा मस्जिद नगीना के पेश इमाम उवैस अकरम, महामंत्री मौलाना निसार, मुफ्ती इल्यास के आह्वान पर हजारों मुसलमान रविवार की सुबह आठ बजे जामा मस्जिद पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी हाथों में कमलेश तिवारी के 28 प्रतीकात्मक पुतलों को लिए थे। कुछ उत्साही युवकों ने गुस्से का इजहार कर पुतलों की जमीन पर पटक पटक कर पिटाई की।
बाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के पास पहुंच कर जिला सचिव और नगीना की यूनिट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम प्रदीप कुमार और सीओ गमलेश्वर बिल्टोरिया को सौंपा।
हिंदू महासभा पर पाबंदी लगाने, हिंदू महासभा के सदर को फांसी देने की मांग की। जुलूस में पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान, उनके पुत्र शेख शाहनवाज खलील, खालिद निसार, काजी अरशद मसूद, प्रिंस अरशद, शमशाद माहेगिर, शमशाद एडवोकेट, मुफ्ती मोनिस, रियाजुद्दीन, खलील अंसारी, खुर्शीद कुरैशी, इश्तियाक अहमद उर्फ बाबू, मदरसों के छात्र व शिक्षक भारी संख्या में शामिल हुए।
युवकों के आक्रोश को देखते हुए उवैस अकरम ने सभी पुतलों को जुलूस से हटाने की घोषणा की। जुलूस के दौरान बाजार बंद रहा।
कमलेश को फांसी देने की मांग
नगीना। मोहम्मद साहब पर कथित टिप्पणी करने वाले अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष के खिलाफ मुस्लिमों ने रविवार को प्रदर्शन किया।
इंडियन बैकवर्ड फ्रंट के बैनर तले गांव कोटरा में मुस्लिमों ने प्रदर्शन करते हुए मदरसा तालिमुल्कुरान स्कूल पहुंचे। कहा कि इस तरह के बयानों से समाज को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
एसडीएम प्रमोद कुमार को सौंपे ज्ञापन में कमलेश तिवारी पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी देने की मांग की गई। इस दौरान सरवर नगीनवी, अमीनुद्दीन, मकसूद आलम, लईक अहमद, आफताब अंसारी आदि मौजूद रहे।
उधर, बेगावाला में मदरसा दारूल उलूम हुसैनिया में हुई बैठक में मौहम्मद साहब पर कथित टिप्पणी करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।
मौके पर मौ. इरशाद कासमी, मुफ्ती मौहम्मद इंतजार, मौ. मखदूम, मौलाना जावेद, मौ. हारून, हाफिज इस्लामुद्दीन आदि मौजूद रहे।
कथित बयान के खिलाफ प्रदर्शन
नहटौर। कथित बयान के खिलाफ मुस्लिम समाज के लोग थाने वाली मस्जिद में जमा हुए और वहां से मौलाना सुलतान, कारी अब्दुल रजाक, कारी हारुन अंसारी, कारी मोहम्मद उस्मान, कारी रियाजुद्दीन, मौलाना तैय्यब, मौलाना नसीम, कारी इरशाद, कारी दानिश, मौलवी महबूब, कारी इमरान के नेतृत्व में थाने पहुंचे।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष को सौंपा। कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। हाजी यामीन फारूकी, डॉ. बुनियाद अली, खुर्शीद अंसारी, फारूक फौजी, विसाल हाशमी, रईस उस्मानी आदि शामिल रहे।
कमलेश का पुतला फूंका
चांदपुर। ऑल इंडिया इमाम्स कौंसिल मगरबी यूपी के नेतृत्व में पुराने विद्युत वितरण खंड कार्यालय के पास स्थित मदरसे से मुस्लिम समाज के लोग प्रदर्शन करते हुए तहसील गेट पर पहुंचे और फांसी देने की मांग करते हुए अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी का पुतला फूंका।
इसके बाद तहसील परिसर में कौंसिल के जनरल सेक्रेट्री कारी उस्मान फुरकानी ने कहा कि बाबरी मस्जिद मामले में आरएसएस और भगवाधारी बयानबाजी करके हिंदुस्तानी कौम को फिरकापरस्ती की आग में झोंकने की सियासत बंद करें।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें मस्जिद का पुन: निर्माण और नमाज पढ़ने की अनुमति देने की मांग की।
साथ ही कमलेश तिवारी के कथित ब्यान पर रोष व्यक्त करते हुए उसे फांसी देने की भी मांग की। इस दौरान मुफ्ती सलीम, उस्मान रहमानी, निसार, उस्मान फुरकानी, मौलाना खुर्शीद आदि शामिल रहे।
रहनुमा-ए-हिंद ने निकाला जुलूस
नजीबाबाद। रहनुमा-ए-हिंद के बैनर के साथ जमीयत शबाबुल इस्लाम के अध्यक्ष अब्दुल्ला कासमी, महामंत्री मौलाना अनवारुल हक, विधायक तसलीम अहमद, चेयरमैन मौअज्जम खां और क्षेत्र के उलेमा के नेतृत्व में मुस्लिमों ने प्रदर्शन किया।
जामा मस्जिद से मुस्लिम जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे। मौलाना अनवारुल हक ने कमलेश तिवारी को फांसी देने, बाबरी मस्जिद मुस्लिमों को वापस दिलाने, मस्जिद को शहीद करने वालों को जल्द सजा देने की मांग की।
रहनुमा-ए-हिंद मजलिस इत्तेहादुल उलेमा ने ज्ञापन एसडीएम वीके श्रीवास्तव और सीओ संजय राय को सौंपा। इसमें मौलाना जावेद कासमी, महताब नोमानी, मुफ्ती सज्जाद हनीफ, मौलाना इरफान, मौलाना लियाकत, मौलाना साजिद, मुनव्वर अली, रफीक अंसारी, अनीस सैफी शामिल रहे।