धामपुर के रेलवे स्टेशन पर पालिका के पानी के टैंकर से पानी लेकर खाना पकाने की व्यवस्था करते एसएसबी
- फोटो : DHAMPUR
एसएसबी के जवानों को स्टेशन पर नहीं मिला पानी
धामपुर। रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात (एसएसबी) सशस्त्र सीमा बल के जवानों को खाना बनाने के लिए पानी नहीं मिला। जवानों के हंगामा करने पर रेल अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। जीआरपी के चौकी प्रभारी रनवीर सिंह ने पानी की व्यवस्था करने के लिए पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता से संपर्क किया। पालिकाध्यक्ष ने तत्काल पानी का एक टैंकर रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया।
रेल अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी के जवानों की स्पेशल ट्रेन (डाउन) यहां सोमवार शाम 18.25 बजे पहुंची। ट्रेन में करीब 13 कंपनियों के 1300 जवान शामिल थे। इन सभी को यहां पर खाना बनाकर खाने के बाद गंतव्य को रवाना होना था। लेकिन ट्रेन जैसे ही यहां पर आकर रुकी और जवानों ने खाना बनाने की तैयारी की तो स्टेशन पर पानी नहीं था। इस दौरान बिजली भी गायब थी। पानी न मिलने पर जवानों ने हंगामा शुरू कर दिया। जीआरपी के चौकी प्रभारी रनवीर सिंह ने बताया कि जब स्टेशन पर पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो उन्होंने पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता से संपर्क किया। पालिका अध्यक्ष ने पानी के टैंकर की व्यवस्था कराई। पानी की व्यवस्था होने पर जवानों ने खाना बनाया और 20.03 बजे ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना हुए। दैनिक यात्री सतेंद्र कुमार, गौरव कुमार, नितिन कुमार का कहना है कि स्टेेशन पर अक्सर यात्री सुविधाओं का अभाव है। बार-बार शिकायत के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।