बिजनौर में राहुल संदेश यात्रा के जिला पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा परिवार में सत्ता के बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है। मुलायम सिंह पहलवान रहे हैं। उन्होंने परिवार वालों को राजनीति के दांव-पेंच सिखाए। उन्होंने कहा कि आज उनके परिवार वाले ही सत्ता के लिए आपस में मल्ल युद्ध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सपा के घमासान से जनता के सामने असलियत उजागर हो गई है। उन्होंने भाजपा को पूंजीपतियों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का कर्जा माफ किया था। भाजपा पूंजीपतियों का कर्जा माफ कर रही है। भाजपा न तो 100 दिन में विदेशों में जमा काला धन वापस लाई और न ही किसी के खाते में 15 लाख रुपये भेजे। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा में टिकट बिकते हैं। आखिरी वक्त तक पता नहीं होता कि बसपा का प्रत्याशी कौन होगा। उन्होंने कहा कि वे लखनऊ गए तो सरकारी खजाने से बनी मायावती की मूर्ति देखकर चकित रह गए। उन्हांेने कहा कि जनता का पैसा किस तरह से अपने और अपनी पार्टी के लिए पानी की तरह खर्च की गई। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस की लहर चल रही है। जनता विकास के लिए अब फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएगी। राहुल संदेश यात्रा को अपार समर्थन मिल रहा है। इस दौरान जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर पाराशर, राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सतीश गौतम, शहर अध्यक्ष मीनू गोयल, हुमायूं बेग, मुनीश त्यागी, प्रशांत गोयल, नसीम अंसारी आदि मौजूद रहे।