जिला पंचायत में सपा, रालोद गठबंधन का रहा दबदबा
बिजनौर। जिला पंचायत के 56 वार्ड सदस्यों के चुनाव में सपा, रालोद गठबंधन का दबदबा रहा। भाजपा के खाते में सात सीट आई हैं। बसपा के खाते में चार सीट आई हैं। भाकियू ने भी दो सीटों पर कब्जा किया है। कई वार्डों में निर्दलीय भी दबदबा बनाए रहे। निर्दलियों के खातों में छह से ज्यादा सीट गई हैं। कई वार्डों में रात तक मतगणना चलती रही।
जिला पंचायत के 56 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव हुआ था। सपा ने 39, रालोद ने 12, बसपा ने 54 व भाजपा ने 55 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे थे। बसपा के चार सदस्य पद के प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। नजीबाबाद पंचम से अमर सिंह, नूरपुर 33 से जैबा अनवर, नूरपुर 34 से हिना परवीन, स्योहारा प्रथम से अरुण भारद्वाज चुनाव जीते हैं। सपा ने 39 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे थे, इनमें से 15 प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। नूरपुर पंचम से इमरान अहमद, किरतपुर द्वितीय से रजिया परवीन, जलीलपुर चतुर्थ से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नसरीन सैफी, अफजलगढ़ चतुर्थ से प्रतिभा चौहान, नूरपुर पंचम से अनीस अहमद, कोतवाली पंचम से अहमद हसन, कोतवाली तृतीय से खुशनुदा खातून, मोहम्मदपुर देवमल तृतीय से चरनजीत कौर, नजीबाबाद षष्टम से मोहम्मद रफी अंसारी, धामपुर प्रथम से हाजी निजामुमद्दीन, अफजलगढ़ तृतीय से नीरज, नजीबाबाद के वार्ड 14 से दिलेराम चुनाव जीते हैं।
नहटौर वार्ड 40 से डॉ. मुकेश कुमार, वार्ड 39 से मोहम्मद रिजवान, वार्ड 41 से डॉ. रफत हुसैन चुनाव जीते हैं। रालोद ने 12 वार्ड में अपने प्रत्याशी उतारे थे। रालोद के वार्ड 35 से डॉ. इरफान अहमद, वार्ड 31 से मुकेश देवी, वार्ड 23 से संयोगिता भुईयार व वार्ड 25 से सोनम चौधरी चुनाव जीती हैं। भाजपा ने 55 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे थे। भाजपा के किरतपुर चतुर्थ से संजीव मलिक, मोहम्मदपुर देवमल द्वितीय से रूपा रानी, हल्दौर द्वितीय से चंद्रशेखर एडवोकेट, हल्दौर तृतीय से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, जलीलपुर द्वितीय से मोनिका कश्यप, धामपुर चतुर्थ से शशीबाला, स्योहारा तृतीय से आयुष चौहान चुनाव जीते हैं। भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह की पत्नी निगम चौधरी नजीबाबाद के वार्ड नौ चुनाव जीती हैं और नूरपुर से चुनाव जीतने वाले उत्तम कुमार भी भाकियू नेता हैं।
2456 वोटों से हार गईं रुचिवीरा की बेटी
मोहम्मदपुुुर देवमल के वार्ड 21 में पूर्व विधायक शाहनवाज राना की पत्नी इंतेखाब राना ने पूर्व विधायक रुचिवीरा की बेटी स्वाति वीरा को 2456 वोटों से हरा दिया। दोनों के बीच कांटे का मुकाबला था। इस वार्ड पर सभी की निगाह थी। इंतेखाब राना इस वार्ड में बाजी मारने में कामयाब रहीं। पिछले चुनाव में इंतेखाब राना को रुचि वीरा के पति उदयन वीरा ने हराया था।